रांची, 26 मार्च (भाषा) झारखंड के रांची कलेक्ट्रेट, साहिबगंज और धनबाद दीवानी अदालत को बृहस्पतिवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने रांची कलेक्ट्रेट भवन, साहिबगंज और धनबाद दीवानी अदालत परिसर की तलाशी ली लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
रांची के कोतवाली क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे कलेक्ट्रेट परिसर का गहन निरीक्षण किया।
सोय ने पत्रकारों को बताया, “बम निरोधक दस्ते को अब तक निरीक्षण के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। एहतियात के तौर पर पूरे भवन की व्यापक तलाशी ली गई।”
कचहरी चौक स्थित रांची कलेक्ट्रेट भवन में उपायुक्त (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के कार्यालय हैं।
साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती ने पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जिला दीवानी अदालत को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया, “सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पूरे अदालत परिसर का गहन निरीक्षण किया गया।”
उपायुक्त ने बताया कि दुमका से एक श्वान दस्ते को बुलाया गया और अदालत परिसर के हर कोने की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान कोई विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है।
साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि राज्य के कई अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल सामने आए हैं, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश