ताहिर हुसैन को उम्र कैद की सजा मिलने का रेखा गुप्ता ने स्वागत किया, ‘आप’ को आड़े हाथों लिया

Ads

ताहिर हुसैन को उम्र कैद की सजा मिलने का रेखा गुप्ता ने स्वागत किया, ‘आप’ को आड़े हाथों लिया

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 07:40 PM IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 2020 के दंगों के दौरान आसूचना ब्यूरो (आईबी) के कर्मी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत पांच दोषियों को मिली उम्र कैद की सजा का शुक्रवार को स्वागत करते हुए इसे न्याय की जीत बताया।

गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘आप’ पर हुसैन का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल से जवाब मांगा।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “ताहिर हुसैन को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया लेकिन उसके बाद भी केजरीवाल जी और मनीष सिसोदिया (पूर्व उपमुख्यमंत्री) उसके समर्थन में खड़े रहे! उसे बचाने की लगातार कोशिश करते रहे!”

उन्होंने पूछा, “ क्या केजरीवाल जी दिल्ली की जनता को बताएंगे? क्या उनकी शह पर ही ताहिर हुसैन जैसे लोगों ने दंगों की साजिश रची थी?”

गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी से जवाब चाहती है।

मुख्यमंत्री ने अदालत द्वारा हुसैन और अन्य चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने का स्वागत करते कहा कि आज न्याय की जीत हुई है तथा यह फैसला देश के हर नागरिक का कानून और न्यायपालिका पर विश्वास और मजबूत करता है।

राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान आईबी कर्मी अंकित शर्मा की हत्या के दोषी आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और चार अन्य को शुक्रवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

अदालत ने कहा कि मामला ‘‘दुर्लभतम’’ श्रेणी में नहीं आता, जिसके लिए मौत की सजा दी जाए।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश