श्रीनगर, चार जून (भाषा) श्रीनगर में एक मादक पदार्थ तस्कर से जुड़ी अवैध रूप से निर्मित तीन मंजिला आवासीय इमारत को बृहस्पतिवार को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर पुलिस ने राजस्व विभाग के सहयोग से रैनावारी के मुमखान मोहल्ले में मादक पदार्थ तस्कर शेख तसद्दुक की इमारत को ध्वस्त किया।
प्रवक्ता ने बताया कि इस आवासीय इमारत की कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई थी।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधों के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे लगातार अभियान का हिस्सा है।
प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी अवंतीपोरा और बडगाम में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज कई मामलों में शामिल है।
उन्होंने बताया कि तसद्दुक की पत्नी शेख मारूफा भी पुलवामा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में शामिल है।
प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी की संपत्ति की विस्तृत जांच और सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि उक्त तीन मंजिला इमारत सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मादक पदार्थों की तस्करी से कथित तौर पर अर्जित धन से बनाई गई थी।
उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद और कानून की उचित प्रक्रिया के अनुसार, राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा