कौशल विकास मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रमों के परिणाम संतोषजनक नहीं: पीएसी

Ads

कौशल विकास मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रमों के परिणाम संतोषजनक नहीं: पीएसी

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 05:33 PM IST

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) संसद की एक समिति ने बुधवार को कहा कि कौशल विकास मंत्रालय के प्रमुख कार्यक्रमों के परिणाम ‘‘संतोषजनक’’ नहीं हैं और इन योजनाओं में ‘‘कई कमियां, अनियमितताएं और कदाचार के मामले’’ सामने आए हैं।

लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि समिति की बैठक में कौशल विकास संबंधी योजनाओं पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘समिति के सामने यह चौंकाने वाला खुलासा था क्योंकि पिछले 10 वर्षों से कौशल विकास मंत्रालय अपने प्रमुख कार्यक्रमों को पहले, दूसरे और तीसरे चरण में लागू कर रहा है। हालांकि, समिति के अनुसार, परिणाम संतोषजनक नहीं रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि सांसदों को कार्यक्रमों में कई ‘‘कमियां, अनियमितताएं और कदाचार के मामले’’ मिले हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने इन कार्यक्रमों के माध्यम से देश के लिए क्या हासिल किया गया है, इस बारे में स्पष्ट उत्तर और ठोस ब्यौरा मांगा है।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि समिति ने उप-समिति की रिपोर्ट सहित तीन रिपोर्टों को अंगीकार किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ये रिपोर्ट संसद के समक्ष प्रस्तुत की जाएंगी। हमने इन रिपोर्टों को कुछ महत्वपूर्ण टिप्पणियों के साथ अंगीकार किया है और इन्हें संसद के समक्ष रखा जाएगा। इन्हें मानसून सत्र में पेश किया जाएगा।’’

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश