नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण को लेकर केंद्र की मंजूरी के लिए बुधवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस परियोजना की अनुमानित लागत 38,595 करोड़ रुपये है।
बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने खट्टर को सूचित किया कि मेट्रो के दूसरे चरण के तहत सात कॉरिडोर में 122.9 किलोमीटर के क्षेत्र को कवर करने वाली व्यापक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पहले ही केंद्रीय मंत्रालय को सौंपी जा चुकी है।
तेलंगाना सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, रेड्डी ने इस परियोजना को केंद्र और तेलंगाना राज्य के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में मंजूरी देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने हैदराबाद के तीव्र शहरी विकास के अनुरूप मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की अत्यावश्यक जरूरत पर प्रकाश डाला और पूरे शहर में यात्रियों की कनेक्टिविटी में सुधार के महत्व पर जोर दिया।
रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री से आरजीआई एयरपोर्ट-भारत फ्यूचर सिटी कॉरिडोर को मेट्रो परियोजना के तीसरे चरण में शामिल करने का भी अनुरोध किया और कहा कि इस कॉरिडोर के लिए डीपीआर भी पेश कर दी गई है।
रेवंत रेड्डी ने खट्टर को राज्य सरकार के एल एंड टीएमआरएचएल से मेट्रो के पहले चरण का कार्यभार अपने हाथ में लेने के फैसले से भी अवगत कराया और कहा कि इस कदम का उद्देश्य दूसरे चरण और तीसरे चरण की विस्तार परियोजनाओं का सुचारू और निर्बाध कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है।
इस बैठक में आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय सचिव के श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बी अजीत रेड्डी, एचएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक सरफराज अहमद और अन्य उपस्थित थे।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश