नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रोहित चौधरी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चार अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कालकाजी निवासी प्रदीप गुलाटी के तौर पर हुई है और उसे गिरोह की गतिविधियों को लेकर गुप्त सूचना पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी गिरोह के अन्य सदस्य के कहने पर अपने घर में कथित रूप से हथियारों को रख रहा था ताकि इनका इस्तेमाल रंगदारी समेत संगीन अपराधों में किया जा सके।
अधिकारी ने बताया कि उसके पास से तीन अर्ध स्वचालित पिस्तौल और एक देसी तमंचा बरामद किया गया है। साथ में उसके पास से 22 कारतूस भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि उसने इन हथियारों को एक बैग में रखा हुआ था।
उनके मुताबिक, गुलाटी ने पूछताछ में बताया कि वह रोहित चौधरी गिरोह के सक्रिय सदस्य अरविंद गुप्ता उर्फ डिसिल्वा से करीबी रूप से जुड़ा हुआ है और उसे एक महीने पहले ही हथियार मिले थे।
पुलिस ने बताया कि इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश