देहरादून, 27 अप्रैल (भाषा) देहरादून के राजपुर क्षेत्र में स्थित एक बार में उत्तराखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मौजूद होने के कारण उसे देर रात तक बंद नहीं किए जाने की कथित खबरों पर कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य पुलिस मुख्यालय ने गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) तथा देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘रोमियो लेन’ बार में हुए प्रकरण के संबंध में मीडिया में आ रही खबरों का संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है और कड़ा रुख अपनाया गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘इस क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), कानून-व्यवस्था डॉ वी मुरूगेशन द्वारा आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप एवं देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल से संपूर्ण घटनाक्रम के संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए विस्तृत एवं तथ्यात्मक आख्या 24 घंटे के भीतर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।’’
दरअसल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी लेनिनवादी के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने सोशल मीडिया में एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि उत्तराखंड पुलिस के एक आईजी की मौजूदगी में ‘रोमियो लेन’ बार शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे तक खुला रहा और जब पुलिस की एक टीम उसे बंद कराने पहुंची तो उन्होंने उस टीम पर रौब झाड़ा और उसे बंद नहीं कराने दिया ।
इस साल 30 मार्च को हुई रिटायर्ड ब्रिगेडियर जोशी की हत्या के बाद पुलिस नाईट क्लबों और बार के रात 11 बजे के बाद खुलने पर लगी पाबंदी को सख्ती से लागू कर रही है। 29 मार्च को देर रात तक खुले ‘जेन जी’ नाम के एक नाइट क्लब में गए युवकों तथा क्लब के कर्मचारियों के बीच झगड़े के बाद 30 मार्च की सुबह हुई गोलीबारी की चपेट में आने से 74 वर्षीय जोशी की मृत्यु हो गयी थी ।
भाषा दीप्ति शोभना
शोभना