‘संसद चलो’ मार्च: आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूर्व वायुसेना अधिकारी ने किया न्यायालय का रुख

Ads

‘संसद चलो’ मार्च: आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूर्व वायुसेना अधिकारी ने किया न्यायालय का रुख

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 01:34 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 01:34 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) वायुसेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी ने 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई के अनुरोध वाली अपनी याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए सोमवार को उच्चतम न्यायालय का रुख किया।

वायुसेना के पूर्व अधिकारी की ओर से पेश हुए वकील ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष याचिका का उल्लेख किया तथा तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया।

पीठ ने मामले को इसी सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।

अधिकारी की ओर से पेश हुए वकील ने कहा कि सरकार के काफी उदार रुख के बावजूद प्रदर्शन के आयोजक अब भी ‘‘आग भड़का रहे हैं’’।

वकील ने कहा, ‘‘आयोजक गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और समाज में कड़वाहट पैदा कर रहे हैं। आयोजकों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।’’

याचिका में 20 जुलाई के प्रदर्शन के बाद दर्ज प्राथमिकी और गिरफ्तारियों के संबंध में समान राष्ट्रीय नीति का भी अनुरोध किया गया है।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे हजारों प्रदर्शनकारी मध्य दिल्ली में एकत्र हुए थे, जिनमें अधिकतर युवा थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संसद तक मार्च करने के लिए जब अवरोधक पार करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।

भाषा सुरभि सुभाष

सुभाष