जम्मू, 29 अगस्त (भाषा) नेपाल में आयी विनाशकारी बाढ़ से निबटने के प्रयासों में मदद करने के लिए जम्मू में स्कूली बच्चे भी सामने आये हैं तथा उन्होंने प्रभावित परिवारों से एकजुटता दिखाने के लिए प्रार्थना की एवं कुछ अंशदान भी दिया।
नेपाल त्रासदी के पीड़ितों के लिए प्रार्थन करने शिक्षा निकेतन और दीवान देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी अपने स्कूल के मैदान में जमा हुए। उन्होंने इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
छात्रों ने उन परिवारों को याद किया जो अब भी अपने लापता परिजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं।
शिक्षा निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने बाढ़ राहत के लिए स्वेच्छा से दान देने के अभियान में हिस्सा लिया और अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया।
प्राचार्य रामेश्वर मेंगी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नेपाल हमारा पड़ोसी देश है और हम उसके साथ खड़े हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद विद्यार्थियों को यह सिखाना था कि संवेदना व्यवहार में परिलक्षित होनी चाहिए।
बच्चों के लिए यह आपदा महज एक खबर नहीं है।
स्कूल के मैदान में एक साथ खड़े होकर, कई बच्चों ने नेपाल में अपने उन परिवारों के बारे में बात की जो लापता लोगों की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
भूमि नाम की एक छात्रा ने कहा कि रसुवा और दूसरे प्रभावित इलाकों में हुई तबाही ने उसे बहुत ज़्यादा प्रभावित किया।
एक और छात्रा, एंजेल ने अन्य संस्थानों और संगठनों से राहत कार्यों में योगदान देने की अपील की।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव