कोलकाता, तीन जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और पश्चिम बंगाल इकाई के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार को एक महिला के उत्पीड़न और वर्षों तक उसके मकान पर अवैध रूप से कब्जा रखने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शिकायतकर्ता आरती रॉय चौधरी ने आरोप लगाया कि मजूमदार करीब 12 साल पहले किराएदार के तौर पर मकान में रहने आए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने किराया देना बंद कर दिया और मकान में रहते रहे।
महिला ने आरोप लगाया कि तृणमूल नेता ने बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद मकान खाली करने से मना कर दिया और संपत्ति पर कब्जा बरकरार रखने के लिए राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया।
विधाननगर उत्तर थाने के एक अधिकारी ने कहा, “हमने उन्हें (जयप्रकाश मजूमदार) गिरफ्तार कर लिया है।”
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कई लोग इलाके में एकत्र हो गए और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने लगे।
मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अप्रैल में हुए चुनाव में भाजपा से हार का सामना करने वाली तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा जोहेब माधव
माधव