पालनपुर (गुजरात), 26 मई (भाषा) गुजरात के बनासकांठा जिले में एक महिला को 50 हजार रुपये में बेचने और बलात्कार करने के आरोप में उसके पति और छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, महिला के पति ने इस महीने की शुरुआत में पालनपुर पश्चिम थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था, जिसकी जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस उपाधीक्षक जिग्नेश गामित ने बताया कि आरोपी ने 11 मई को जानकारी दी थी कि उसकी पत्नी पालनपुर शहर से लापता हो गई है।
उन्होंने कहा, “शिकायत दर्ज होने के दो दिन के अंदर ही पति खुद लापता हो गया, जिसके बाद उसके पिता ने पालनपुर पूर्व थाने में गुमशुदगी का एक और मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान घटनाओं के इस क्रम पर गौर करने के बाद संदेह पैदा हुआ।”
पुलिस ने बाद में पति का पता लगाया और फिर उसकी पत्नी को ढूंढ निकाला, जिसके औपचारिक बयान से कथित अपराध का खुलासा हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि पति ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर 50,000 रुपये में अपने दोस्तों को बेच दिया था।
एसपी के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कई बार उसका यौन उत्पीड़न व बलात्कार किया और उसके गहने भी जबरन छीनकर स्थानीय जौहरियों को बेच दिए।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान के आधार पर पालनपुर पश्चिम थाने में बलात्कार, मानव तस्करी, आपराधिक साजिश और अन्य अपराधों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और पति समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है।
अधिकारी ने कहा, ‘पहले भी वह ऐसे मामलों में शामिल रहा है। उसने शादीशुदा होने के बावजूद लड़कियों को बहला-फुसलाकर अगवा किया था। पुलिस उन पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।’
भाषा
राखी जोहेब
जोहेब