उत्तर लखीमपुर, 28 जनवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को असम के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को बताया कि इस दौरान शाह डिब्रूगढ़ में राज्य विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे।
एक महीने के भीतर शाह की असम की यह दूसरी यात्रा होगी। गत 29 दिसंबर को उन्होंने राज्य में कई सरकारी परियोजनाओं की शुरुआत की थी।
शर्मा ने बुधवार को लखीमपुर जिले के रंगामाड़ी में एक आधिकारिक समारोह के इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘शाह कल शाम को पहुंचेंगे और डिब्रूगढ़ में रात्रि विश्राम करेंगे। 30 जनवरी को वह असम विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे। वहां कुछ और कार्यक्रम भी हैं।’’
उन्होंने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शाह जिले में एक वन्यजीव स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला भी रखेंगे।
शर्मा ने कहा, ‘‘असम पशु कल्याण में अग्रणी है! चबुआ में वन्यजीव स्वास्थ्य एवं अनुसंधान संस्थान की आधारशिला 30 जनवरी को आदरणीय अमित शाह जी द्वारा रखी जाएगी, जो अनुसंधान और निदान प्रयासों को बढ़ावा देगा और हमारे वन्यजीवों के लिए बेहतर नीतिगत हस्तक्षेप तैयार करने में मदद करेगा।’’
उन्होंने बताया कि डिब्रूगढ़ में होने वाले कार्यक्रमों के बाद शाह धेमाजी जिले के लिए रवाना होंगे और मिसिंग समुदाय के एक सांस्कृतिक उत्सव में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शाम को शाह गुवाहाटी में असम भाजपा मुख्यालय का दौरा करेंगे। वहां वह असम की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वह शाम सात बजे पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे।’’
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस साल मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत