सिक्किम: मुख्यमंत्री ने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या आधी की, कई उपायों की घोषणा की

Ads

सिक्किम: मुख्यमंत्री ने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या आधी की, कई उपायों की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 05:56 PM IST

गंगटोक, 14 मई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पेट्रोल और डीजल के उपयोग को कम करने के आह्वान के बाद बृहस्पतिवार को अपने काफिले में वाहनों की संख्या में 50 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अन्य मितव्ययिता उपायों में विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को आवंटित पायलट वाहनों को वापस लेना, मंत्रियों व विधायकों को आवंटित वाहनों में ईंधन की खपत में 20 प्रतिशत की कटौती और सरकारी विभागों में संयुक्त वाहन सेवा शामिल हैं।

तमांग ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मितव्ययिता उपायों को अपनाने के आह्वान का पालन करते हुए और राष्ट्रीय सेवा व जिम्मेदार शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने के लिए, मैंने अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या में 50 प्रतिशत की कटौती करने का निर्णय लिया है। इससे ईंधन संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।”

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने अंतर-जिला दौरों के दौरान सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से प्रोटोकॉल संबंधी कर्तव्यों का निर्वहन न करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि मितव्ययिता उपायों पर निर्णय बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, राज्य पुलिस प्रमुख, विभागों के प्रमुखों, जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ हुई आपातकालीन बैठक में लिया गया।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव