एसआईआरः दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की

Ads

एसआईआरः दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 10:14 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पहली बैठक की।

तीस जून से शुरू होने वाले इस अभियान से पहले आयोजित इस बैठक में अधिकारियों ने आगामी प्रक्रिया की जानकारी साझा की और दलों से उनकी प्रतिक्रिया ली।

इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने चर्चा की।

सीईओ कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पूरे अभियान की संक्षिप्त जानकारी दी गई और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। राजनीतिक दलों ने इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

दिल्ली भाजपा के चुनाव संबंधी मामलों के राज्य समन्वयक ने बताया कि बैठक का मुख्य जोर निर्वाचन निकाय के बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) और दलों के बूथ स्तर के एजेंट (बीएलए) के बीच समन्वय सुनिश्चित करने पर था।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस कार्य के लिए पहले ही लगभग 12,600 बीएलए नियुक्त कर दिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बीएलओ दिल्ली की मतदाता सूची के सत्यापन के लिए 30 जून से घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, जिन्हें भरकर जमा करने के लिए वापस बीएलओ को देना होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय भरे हुए प्रपत्रों को ऑनलाइन जमा करने की सुविधा भी प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के एजेंट प्रतिदिन अधिकतम 50 भरे हुए प्रपत्र जमा कर सकते हैं।

बीएलओ का घर-घर दौरा 29 जुलाई को समाप्त होगा, जिसके बाद पांच अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को जारी होगी।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश

शीर्ष 5 समाचार