नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि उनकी सरकार की नई पहल के तहत प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पुराने कपड़ों के संग्रह के लिए विशेष ‘कलेक्शन बॉक्स’ रखे जाएंगे, जहां लोग अपने अनुपयोगी कपड़े जमा करा सकेंगे। इन कपड़ों को ‘रिसाइकल’ कर उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) राजधानी के 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पुराने कपड़ों के संग्रह के लिए ‘कलेक्शन बॉक्स’ स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कपड़ा अपशिष्ट तेजी से बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों में शामिल है और इस पहल के माध्यम से पुराने कपड़ों का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे न केवल कचरे में कमी आएगी, बल्कि सतत विकास को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहल की ब्रैंडिंग ‘दिल्ली मेट्रो लेडीज वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन’ के नाम से होगी।
उनके अनुसार, जिन 10 मेट्रो स्टेशनों को इस पहल के लिए चिह्नित किया है, उनमें शाहदरा (रेड लाइन), मोहन एस्टेट (वायलेट लाइन), रोहिणी वेस्ट (रेड लाइन), लाजपत नगर (वायलेट और पिंक लाइन), मालवीय नगर (येलो लाइन), मयूर विहार फेज़-1 (ब्लू और पिंक लाइन), हौज खास (येलो और मैजेंटा लाइन), पंजाबी बाग वेस्ट (पिंक और ग्रीन लाइन), द्वारका (ब्लू लाइन) और शालीमार बाग (पिंक लाइन) स्टेशन शामिल हैं।
गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को पुनर्चक्रण अभियान से जोड़ना और कपड़ों के दोबारा उपयोग के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जनसहभागिता आधारित पर्यावरणीय अभियानों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, “दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि एकत्रित कपड़ों का उपयोग पर्यावरण हितैषी तरीके से हो तथा इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे। इस पहल के तहत एकत्रित पुराने कपड़ों को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर प्रतिष्ठित गैर सरकारी संगठनों और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के माध्यम से दोबारा उपयोग में लाया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि इन कपड़ों से बैग, दरी सहित विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा दिल्ली मेट्रो रेल निगम चयनित मेट्रो स्टेशनों पर इन उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए भी विशेष स्थान उपलब्ध कराएगा।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप