नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की आपत्तियों के बावजूद सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 14वें प्राचार्य की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है और सुजै़न एलियास ने सोमवार को कॉलेज के प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाल लिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
एलियास की नियुक्ति की घोषणा 12 मई को एक अधिसूचना के माध्यम से की गई थी जिसके बाद डीयू ने कॉलेज को पत्र लिखकर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाने का निर्देश दिया था और दावा किया था कि यह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों का उल्लंघन है।
विश्वविद्यालय ने यूजीसी को भी पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी।
नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पूर्व प्राचार्य जॉन वर्गीस ने रविवार को सभी को एक विदाई ईमेल लिखा। अब तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह कॉलेज में संकाय सदस्य के रूप में बने रहेंगे या नहीं।’’
नवीनतम विवाद में कॉलेज ने भी वर्गीस को अंग्रेजी विभाग के संकाय सदस्य के रूप में शामिल करने के प्रस्तावों पर आपत्ति जताते हुए पत्र लिखा है।
इस बीच, अधिकारी ने कहा, ‘‘जब भी कोई प्राचार्य कार्यभार ग्रहण करता है तो एक समारोह होता है। हालांकि, अब तक हमें ऐसे किसी औपचारिक समारोह की जानकारी नहीं है।’’
वर्ष 1881 में स्थापना के बाद से कॉलेज के 145 साल के इतिहास में एलियास पहली महिला प्राचार्य होंगी।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा