मणिपुर में हड़ताल से जनजीवन प्रभावित
मणिपुर में हड़ताल से जनजीवन प्रभावित
इंफाल, 15 अक्टूबर (भाषा) भारत में मणिपुर के विलय के खिलाफ विभिन्न उग्रवादी संगठनों की ओर से आहूत हड़ताल के कारण राज्य में रविवार को जनजीवन प्रभावित रहा। 15 अक्टूबर 1949 को मणिपुर का भारत में विलय हुआ था।
हड़ताल के चलते व्यावसायिक प्रतिष्ठान और बाज़ार बंद रहे तथा कुछ निजी वाहनों को छोड़कर सार्वजनिक परिवहन की गाड़ियां सड़कों पर नहीं दिखीं। अधिकारियों ने कहा कि अंतर-जिला सार्वजनिक परिवहन भी बंद रहा।
यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) सहित कम से कम पांच प्रतिबंधित संगठनों की समन्वय समिति (कोरकॉम) ने सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक हड़ताल का आह्वान किया है।
कोरकॉम ने एक बयान में लोगों से रविवार को सभी प्रकार के उत्सवों और गतिविधियों से दूर रहने को कहा था।
मणिपुर के महाराज बुद्धचंद्र ने 21 सितंबर 1949 को भारत के साथ विलय पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। यह विलय 15 अक्टूबर 1949 से प्रभावी हुआ था। उग्रवादी समूह इसे ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हैं और पूर्वोत्तर राज्य में विद्रोह का यह एक प्रमुख कारण रहा है।
भाषा
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


