दिया मिर्जा ने छात्रों के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए

दिया मिर्जा ने छात्रों के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए

दिया मिर्जा ने छात्रों के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए
Modified Date: July 24, 2026 / 01:49 pm IST
Published Date: July 24, 2026 1:49 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) अभिनेत्री दिया मिर्जा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने जारी छात्र प्रदर्शनों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए।

छात्र 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे नीट परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और प्रश्न पत्र लीक से प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रश्न पत्र लीक में शामिल लोगों को जल्द और कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित अदालतों की स्थापना की जाएगी।

मिर्जा ने यह टिप्पणी उस वीडियो के जवाब में साझा की है।

उन्होंने लिखा, ‘उन अभिभावकों के लिए संवेदना का एक भी शब्द नहीं बोला, जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है; उन बच्चों के लिए भी कुछ नहीं बोला, जिनकी मौत हुई है; अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे छात्रों के अद्भुत धैर्य और सोनम जी एवं उन छात्रों के लिए भी कुछ नहीं, जो हफ्तों तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे।’

उन्होंने कहा, ‘सर, यह कितना मुश्किल हो सकता है? आपको कुछ कहने में 47 दिन लग गए। और अब जब आपने कहा भी है तो उसमें कुछ भी नहीं कहा गया। ऐसा कुछ भी नहीं जो टूटे हुए लाखों दिलों को राहत दे सके।’

दिया मिर्जा इससे पहले भी अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर छात्रों के प्रति समर्थन जता चुकी हैं।

उन्होंने पूर्व की एक पोस्ट में लिखा था, ‘मैं इस देश के छात्रों के साथ खड़ी हूं। मैं शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का समर्थन करती हूं। मैं हमारी शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही, पारदर्शिता और सुधारों की मांग के साथ हूं।’

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में