बीड, एक मई (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने लोगों से बीड जिले को ‘‘विकसित, सक्षम और आत्मनिर्भर’’ बनाने का संकल्प लेने का शुक्रवार को आग्रह किया।
बीड जिले की पालक मंत्री पवार ने महाराष्ट्र स्थापना दिवस के अवसर पर यहां पुलिस मुख्यालय के परेड मैदान में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में कहा कि मराठवाड़ा क्षेत्र संतों, बुद्धिजीवियों और वीरों की भूमि है।
धाराशिव जिले के तेर कस्बे में जन्मीं पवार ने इस क्षेत्र और इसके सांस्कृतिक मूल्यों से अपने गहरे निजी जुड़ाव का उल्लेख किया।
उन्होंने लोगों से बीड जिले को विकसित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
पवार ने जिले के विकास को गति देने वाली कई प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ‘टाटा टेक्नोलॉजीज’ के सहयोग से महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र में 197 करोड़ रुपये की लागत से सीआईआईआईटी (सेंटर फॉर इन्वेंशन, इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड ट्रेनिंग) परियोजना स्थापित की जा रही है। इस पहल के तहत कौशल आधारित तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराए जाने से लगभग 7,000 विद्यार्थियों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संपर्क बेहतर करने के लिए बीड हवाई अड्डा विकास परियोजना पर आधिकारिक रूप से काम शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के लिए महत्वपूर्ण परिवहन संपर्क मानी जाने वाली अहिल्यानगर-बीड-परली वैजनाथ रेल लाइन के शेष कार्य के लिए धनराशि मंजूर की गई है।
खेल परिसर सुविधाओं में 25 करोड़ रुपये के निवेश के साथ बीड जुलाई 2026 में दिवंगत खाशाबा जाधव राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है।
पवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना में बीड के प्रदर्शन की सराहना की, जिसमें घरों का निर्माण पूरा करने के मामले में जिले ने राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है।
इस अवसर पर होम गार्ड, अग्निशमन विभाग और चिकित्सा सेवाओं के कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पदक देकर सम्मानित किया गया।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष