चेन्नई/नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय राष्ट्रीय राजधानी की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार को चेन्नई लौट आए।
उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात नहीं की।
कांग्रेस सांसद क्रिस्टोफर तिलक ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक नहीं हो सकी क्योंकि मुख्यमंत्री विजय ने अपनी यात्रा को आधिकारिक कार्यक्रम तक सीमित रखा।
उन्होंने दावा किया कि विजय की राहुल गांधी के साथ बैठक सिर्फ स्थगित हुई है, रद्द नहीं हुई है, जैसा कि अटकलें लगाई जा रही हैं।
तिलक ने राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाताओं से कहा, ‘‘नीति आयोग की बैठक के लिए मुख्यमंत्री के लगभग 11 जून को दिल्ली आने की संभावना है, और मुझे लगता है कि वे उस दौरान हमारे नेता राहुल और सोनिया गांधी से मिलेंगे।’’
विजय ने अपनी दिल्ली यात्रा संपन्न की और विशेष विमान से चेन्नई लौट आए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और मेकेदातु बांध मुद्दे, मछुआरों की गिरफ्तारी और तमिल प्रार्थना गीत विवाद सहित राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की और तमिलनाडु के विकास के लिए महत्वपूर्ण बंदरगाहों, राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे परियोजनाओं और औद्योगिक गलियारों के लिए वित्तपोषण को प्राथमिकता देने के लिए एक ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री ने ‘तमिल थाई वाझथु’ (तमिल प्रार्थना गीत) का मुद्दा उठाया, क्योंकि उनकी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह और मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के बाद तीसरे स्थान पर इसे बजाये जाने के क्रम को लेकर विवाद पैदा हो गया था।
उन्होंने पड़ोसी राज्य कर्नाटक से जुड़े मेकेदातु बांध के मुद्दे को भी प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष उठाया।
सरकार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विजय ने कावेरी नदी पर मेकेदातु जलाशय परियोजना के लिए कर्नाटक द्वारा भूमि पूजन समारोह की घोषणा पर गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा कि यह कदम कावेरी जल विवाद अधिकरण (सीडब्ल्यूडीटी) के अंतिम निर्णय और उच्चतम न्यायालय के फैसले के पूरी तरह से विरूद्ध है।
सीतारमण से मुलाकात के दौरान विजय ने राज्य में राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (आईएनआई) की स्थापना का आग्रह किया।
उन्होंने तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रमुख शहरों, जैसे कि इरोड, कोयंबटूर और मदुरै में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मेट्रो रेल परियोजनाओं के कार्यान्वयन हेतु वित्तीय सहायता की मांग की।
विलुपुरम में संवाददाताओं से बात करते हुए, भाकपा के प्रदेश सचिव एम. वीरपांडियन ने कहा कि तमिलनाडु की मांगें जायज हैं। मेट्रो रेल परियोजना, मेकेदातु बांध का मुद्दा और ‘तमिल थाई वाझथु’ जनता की भावनाओं से जुड़े मुद्दे हैं। इसलिए, प्रधानमंत्री को इनका सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘भाकपा की ओर से, हम प्रधानमंत्री से मुख्यमंत्री की मांगों को पूरा करने का आग्रह करते हैं।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश