तमिलनाडु : डिंडीगुल जिले में अंतरजातीय विवाह करने पर व्यक्ति की हत्या

तमिलनाडु : डिंडीगुल जिले में अंतरजातीय विवाह करने पर व्यक्ति की हत्या

तमिलनाडु : डिंडीगुल जिले में अंतरजातीय विवाह करने पर व्यक्ति की हत्या
Modified Date: October 14, 2025 / 05:22 pm IST
Published Date: October 14, 2025 5:22 pm IST

डिंडीगुल, 14 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में ‘झूठी शान की खातिर हत्या’ के एक संदिग्ध मामले में 24-वर्षीय एक युवक की उसके ससुर ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि युवक ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध शादी की थी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 12 अक्टूबर को उस समय घटी जब दूध वितरण कर्मचारी रामचंद्रन दूध के पैकेट लेने गया था।

उन्होंने बताया कि रामचंद्रन ने दूसरी जाति की महिला से शादी कर ली थी। उसके बाद से ही रामचंद्रन को ससुराल वालों से धमकियां मिल रही थीं।

लड़की का परिवार उनकी शादी के खिलाफ था, क्योंकि दोनों अलग-अलग जातियों के थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘लड़की के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच जारी है। अभी हम कुछ नहीं बता सकते।’’

रामचंद्रन की पत्नी आरती ने 13 अक्टूबर को स्थानीय लोगों के समर्थन से पुलिस थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया और अपने पति की हत्या में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

आरती ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने अपनी कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी और डिंडीगुल में उनसे शादी कर ली। मैं उनके (रामचंद्रन) साथ उनके गृहनगर कल्लिपट्टी गांव में रह रही थी। मेरी शादी के बाद, मेरा भाई घर आया तथा मुझे और मेरे पति को जान से मारने की धमकी दी। बाद में, मेरे पिता भी आए और हम दोनों को धमकाया।’’

आरती ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘घटना वाले दिन (12 अक्टूबर) वह (रामचंद्रन) शाम 4.10 बजे दूध के पैकेट लेने के लिए निकले थे और शाम 4.30 बजे मुझे खबर मिली कि उनकी मौत हो चुकी है।’’

आरती ने न्याय की मांग करते हुए कहा, ‘‘अभी मैं न तो अपने पति के परिवार के साथ रह सकती हूं और न ही अपने परिवार के साथ। मेरे पास ऐसी कोई जगह नहीं, जहां मैं जा सकती हूं। इस घटना के पीछे की वजह जाति है।’’

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में