तमिलनाडु चुनाव: स्टालिन ने जीत की संभावनाओं पर चर्चा के लिए द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की

Ads

तमिलनाडु चुनाव: स्टालिन ने जीत की संभावनाओं पर चर्चा के लिए द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 02:50 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 02:50 PM IST

चेन्नई, एक मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेताओं से यहां पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की और हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में द्रमुक की जीत की संभावनाओं पर चर्चा की।

यह बैठक विभिन्न ‘एग्जिट पोल’ की पृष्ठभूमि में हुई, जिनमें तमिलनाडु में द्रमुक की सत्ता बरकरार रहने का अनुमान जताया गया है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को हुआ था।

द्रमुक सूत्रों के अनुसार, स्टालिन ने के एन नेहरू, ईवी वेलू और केआर पेरियाकरुप्पन सहित वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि पार्टी के उपमहासचिव ए राजा, संगठन सचिव आरएस भारती और संचार इकाई के प्रमुख टीकेएस एलंगोवन भी बैठक में मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना चार मई को होनी है, ऐसे में स्टालिन ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उनके क्षेत्र में पार्टी की जीत की संभावनाओं पर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं को मतगणना एजेंट को उचित निर्देश देने के साथ-साथ मतगणना प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी।

स्टालिन दूसरी बार इस तरह की बैठक कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में विधानसभा चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर चर्चा की थी।

भाषा तान्या पारुल

पारुल