मदुरै, 13 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मदुरै में काला बाजारी के लिए कथित रूप से 398 रसोई गैस सिलेंडर जमा करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर गुंडा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सिलेंडर की जमाखोरी के मामले में राज्य में पहली बार इतनी कड़ी कार्रवाई की गई है।
इस बीच तमिलनाडु पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की घबराहट में खरीदारी नहीं करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि तमिलनाडु के 14 टर्मिनलों में 7,000 से अधिक खुदरा विक्रय केंद्रों की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार उपलब्ध है।
मदुरै में गिरफ्तारी उस समय हुई जब नागरिक आपूर्ति आपराधिक जांच विभाग (सीएस-सीआईडी) को घरेलू सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों को व्यावसायिक उपयोग के लिए अवैध रूप से इस्तेमाल करने के प्रयास की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर विशेष टीम ने कोविलपप्पाकुडी इलाके में पलानी के घर के पास एक खाली भूखण्ड पर छापा मारा, जहां से सब्सिडी वाले 100 घरेलू सिलेंडर और 109 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए।
इसके बाद आनंदम नगर में 27 वर्षीय मदन कुमार के घर पर छापे में 189 और सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 126 व्यावसायिक सिलेंडर शामिल थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में उन्हें चोरबाजारी निवारण और आवश्यक वस्तु प्रदाय अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई मदुरै के जिलाधिकारी प्रवीण कुमार के आदेश पर की गई।
सीएस-सीआईडी के मदुरै जोन ने चेतावनी दी है कि आवश्यक वस्तुओं की अवैध जमाखोरी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई क्षेत्र में ईंधन और गैस की संभावित कमी को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच की गई है।
तमिलनाडु पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के पी मुरली ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार है, जो कम से कम तीन सप्ताह तक चल सकता है।
मुरली ने कहा, “लोगों को किसी तरह की कमी से डरने की जरूरत नहीं है। सभी डीलरों के पास पर्याप्त स्टॉक है और उन्हें तेल कंपनियों से लगातार आपूर्ति मिल रही है। घबराहट में खरीदारी केवल कृत्रिम किल्लत पैदा करेगी।”
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में 14 टर्मिनल हैं, जिनमें तीन चेन्नई में हैं, जहां से ईंधन खुदरा विक्रय केंद्रों को भेजा जाता है।
इस बीच, तमिलनाडु वनइगर संगाकालिन पेरामइपु के अध्यक्ष ए एम विक्रम राजा ने 12 मार्च को तेनकासी में व्यापारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सिलेंडर की कमी से होटल उद्योग प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिलेंडरों की जमाखोरी कर उन्हें 4,000 रुपये तक में बेच रहे हैं और अधिकारियों को ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
राजा ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कमी का हवाला देकर ईंधन की कीमतें बढ़ाई गईं तो राज्य-भर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने पांच मई को तिरुवरूर में छोटे व्यापारियों के लिए विशेष सुरक्षा कानून की मांग को लेकर एक बड़े व्यापारी सम्मेलन की भी घोषणा की।
भाषा मनीषा माधव
माधव