बेंगलुरू, 16 अप्रैल (भाषा) बेंगलुरू पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के कई इलाकों में प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री में कथित तौर पर लिप्त 10 लोगों को पकड़ा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में दो महिलाओं समेत तीन विदेशी नागरिक शामिल हैं।
पुलिस कहा कि आरोपियों के पास से करीब 11.81 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। इनमें पांच किलोग्राम एमएमडीए, एक किलोग्राम कोकीन, 21 किलोग्राम गांजा, 19 ग्राम एक्स्टेसी की गोलियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अपराध में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक विभिन्न तारीख पर उसे पुख्ता जानकारी मिली कि येलहंका न्यू टाउन, डी. जे. हल्ली, कोरमंगला, बोम्मनहल्ली और पुलकेशीनगर पुलिस थाना क्षेत्रों में एमडीएमए (क्रिस्टल), कोकीन, गांजा जैसे मादक पदार्थ बेचे जा रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन जानकारियों के आधार पर स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत संबंधित पुलिस थानों में मामलें दर्ज किए गए तथा चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की गयी।
उन्होंने बताया कि इन अभियानों के दौरान विभिन्न तिथियों पर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार इन सभी को विभिन्न तिथियों पर अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा पवनेश
पवनेश
पवनेश