कोलकाता, 27 अगस्त (भाषा) बैरकपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय को बताया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन के दौरान मंत्री अर्जुन सिंह के खिलाफ दर्ज 10 प्राथमिकी में ‘‘तथ्यों की गलती’’ पाई गई और उसने मजिस्ट्रेट के समक्ष क्लोजर रिपोर्ट रिपोर्ट दाखिल कर दी है।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने इन रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए सिंह की ओर से 10 प्राथमिकी को चुनौती देने वाली याचिका का निपटारा कर दिया।
उच्च न्यायालय ने 14 अक्टूबर 2025 को कहा था कि प्रथम दृष्टया यह विवाद राजनीतिक प्रकृति का प्रतीत होता है और सिंह को पुलिस की ओर से किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत दी थी।
यह राहत समय-समय पर बढ़ाई जाती रही।
सिंह के खिलाफ सभी 10 शिकायतें 10 सितंबर 2025 को बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के तहत आने वाले विभिन्न थानों में दर्ज की गई थीं।
बैरकपुर के पुलिस आयुक्त ने बृहस्पतिवार को पिछली सुनवाई के निर्देश के अनुसार अदालत में रिपोर्ट दाखिल की।
अतिरिक्त सरकारी अधिवक्ता सूर्यनील दास ने अदालत को बताया कि सिंह के खिलाफ दर्ज 10 आपराधिक मामलों की जांच पूरी कर ली गई है और सभी मामलों में निचली अदालत के समक्ष ‘फाइनल रिपोर्ट मिस्टेक ऑफ फैक्ट्स’ (एफआरएमएफ) दाखिल की गई है।
एफआरएमएफ पुलिस की ओर से मामले को बंद करने के लिए मजिस्ट्रेट के समक्ष दाखिल की जाने वाली रिपोर्ट है। यह तब दाखिल की जाती है जब जांच में यह सामने आता है कि घटना के तथ्य या परिस्थितियां शिकायत में बताए गए तथ्यों से अलग थीं और आरोपी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं बनता।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने अंतिम रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए सिंह की ओर से प्राथमिकी को चुनौती देने वाली याचिका का निपटारा कर दिया।
इससे पहले 23 जून को आयुक्त की ओर से दाखिल रिपोर्ट में कहा गया था कि सिंह के खिलाफ सभी शिकायतें आशंका पर आधारित थीं।
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया था कि पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई हो।
सिंह तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कई बार पाला बदल चुके हैं। उन्होंने 2019 में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद 2022 में वह टीएमसी में लौटे और फिर 2024 में भाजपा में शामिल हो गए।
वह वर्तमान में पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार में परिवहन और श्रम मंत्री हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में उत्तर 24 परगना जिले की नोआपाड़ा सीट से जीत दर्ज की थी।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश