शिवकुमार ने नेपाल में आयी आकस्मिक बाढ़ में बाल-बाल बच गये कर्नाटक के एक व्यक्ति से बात की

Ads

शिवकुमार ने नेपाल में आयी आकस्मिक बाढ़ में बाल-बाल बच गये कर्नाटक के एक व्यक्ति से बात की

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 03:59 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 03:59 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

बेंगलुरु/नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने नेपाल में आई आकस्मिक बाढ़ में बाल-बाल बच गये कन्नड़ मूल के व्यक्ति मल्लीनाथ से बृहस्पतिवार को वीडियो कॉल पर बात की और उनका हौसला बढ़ाया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, नयी दिल्ली में मौजूद शिवकुमार ने मल्लीनाथ का हाल-चाल पूछा और उन्हें उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में शिवकुमार मल्लीनाथ का हाल-चाल पूछते हुए नजर आ रहे हैं। मल्लीनाथ ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह उनके प्रशंसक हैं।

मल्लीनाथ ने बताया कि आकस्मिक बाढ़ आने से 10 मिनट पहले ही वह वहां से निकल गए थे।

उन्होंने शिवकुमार से कहा कि वह ईश्वर में आस्था रखते हैं और मुख्यमंत्री की इस बात पर विश्वास करते हैं कि ‘‘कोशिशें भले ही नाकाम हो जाएं, लेकिन प्रार्थनाएं कभी बेकार नहीं जातीं।’’

उन्होंने शिवकुमार से कहा, ‘‘भले ही मैं किसी दूसरी पार्टी से जुड़ा हूं, लेकिन मैं आपका प्रशंसक हूं। मैं भी ईश्वर का भक्त हूं।’’

शिवकुमार ने मल्लीनाथ को सलाह दी कि वह जल्दबाजी में वापस न आएं और कुछ समय तक वहीं रहें, क्योंकि वह सुरक्षित हैं।

उन्होंने मल्लीनाथ से कहा, ‘‘पार्टी चाहे कोई भी हो, हम सभी कन्नड़ भाषी हैं। हमें एकजुट रहना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि अधिकारी नेपाल में मौजूद कर्नाटक के कुछ अन्य पर्यटकों से संपर्क नहीं कर पाए हैं। इस पर मल्लीनाथ ने जवाब दिया कि वह उन्हें खोजने की कोशिश कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नेपाल के मध्य जिलों में अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही हुई और प्रभावित इलाकों का संपर्क कट गया, जिसके कारण मानसरोवर यात्रा पर गए कई तीर्थयात्रियों समेत 130 से ज़्यादा भारतीय लापता हो गए और कई अन्य लोग वहां फंस गए।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा