सार्वजनिक जीवन से मेरे संन्यास का सवाल ही नहीं, भाजपा के लिए काम करता रहूंगा: येदियुरप्पा

Ads

सार्वजनिक जीवन से मेरे संन्यास का सवाल ही नहीं, भाजपा के लिए काम करता रहूंगा: येदियुरप्पा

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 08:46 PM IST

चित्रदुर्ग (कर्नाटक), नौ मई (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि सार्वजनिक जीवन से उनके संन्यास का कोई सवाल ही नहीं है और जब तक उनमें शक्ति है, वह कर्नाटक और देश में पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।

राजनीति में येदियुरप्पा के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां आयोजित एक अभिनंदन समारोह ‘येदियुरप्पा अभिमानोत्सव’ में जनसभा को संबोधित करते हुए, वरिष्ठ नेता ने इस अवसर को कर्नाटक की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘‘साझा संघर्ष के पांच दशकों का उत्सव’’ बताया।

येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा से मुख्यमंत्री पद तक की अपनी राजनीतिक सफलता का श्रेय किसानों, पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को दिया।

येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘मैं बार-बार कहता हूं कि अपनी आखिरी सांस तक सेवानिवृत्ति का कोई सवाल ही नहीं उठता। मेरे लिए ‘सेवानिवृत्ति’ शब्द का कोई अस्तित्व ही नहीं है। जब तक ईश्वर मुझे शक्ति प्रदान करता रहेगा, मैं संगठन, पार्टी, राज्य और राष्ट्र के लिए ईमानदारी से काम करता रहूंगा।’’

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह आयोजन किसी व्यक्ति विशेष को सम्मानित करने के बारे में नहीं है, बल्कि 50 वर्ष लंबी एक सामूहिक राजनीतिक और सामाजिक यात्रा को मान्यता देने को लेकर है।

येदियुरप्पा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नयी ऊंचाई हासिल की है।

भाषा शफीक प्रशांत

प्रशांत