गोवा में ओपीएसटी पर तीन-दिवसीय ब्रिक्स कार्यसमूह की बैठक शुरू

Ads

गोवा में ओपीएसटी पर तीन-दिवसीय ब्रिक्स कार्यसमूह की बैठक शुरू

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 08:07 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 08:07 PM IST

पणजी, 12 अगस्त (भाषा) गोवा में बुधवार को महासागरीय, ध्रुवीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी (ओपीएसटी) पर ब्रिक्स कार्यसमूह की आठवीं बैठक शुरू हुई। इसमें आठ सदस्य देशों के वैज्ञानिक और अधिकारी महासागर एवं ध्रुवीय अनुसंधान क्षेत्र में वैज्ञानिक सहयोग और भविष्य के संयुक्त कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आने वाला राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं समुद्री अनुसंधान केंद्र (एनसीपीओआर) दक्षिण गोवा में इस तीन-दिवसीय बैठक की मेजबानी कर रहा है। यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत आयोजित की जा रही है।

इस बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इंडोनेशिया, रूस, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात और भारत के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं।

बैठक की शुरुआत के दौरान अट्रिया विश्वविद्यालय के कुलपति और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव डॉ. एम. राजीवन भी मौजूद रहे। इस दौरान पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आने वाले संस्थानों के निदेशक और वैज्ञानिक तथा ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद थे।

एनसीपीओआर के निदेशक और 2026 के लिए कार्यसमूह के अध्यक्ष डॉ. थंबन मेलोथ ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद राजीवन ने ‘‘भारत की समुद्री अर्थव्यवस्था पहल’’ पर मुख्य भाषण दिया।

कार्य समूह महासागर और ध्रुवीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जारी राष्ट्रीय कार्यक्रमों, साझा वैज्ञानिक रुचि के विषयों और भविष्य में सहयोग के अवसरों पर चर्चा करेगा।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश