बीड, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में धोखेबाजों के एक गिरोह ने एक जौहरी को सोने का बिस्कुट बेचने का लालच देकर फंसाया और उस पर कथित रुप से हमला कर तीन लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार को मौके से भागते समय उनकी मोटरसाइकिल एक कार से टकरा गई, जिसके बाद दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में तीन-चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पीड़ित दत्ता काकडे से संपर्क किया और उन्हें दुबई से तस्करी करके लाए गए सोने के बिस्कुट बाजार दर से कम कीमत पर देने का वादा किया। काकडे गेओराई तहसील के तकलगावन गांव का एक जौहरी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने दावा किया कि उसके पास दुबई से कर चोरी करके आयात किए गए सोने के बिस्कुट थे और उसने काकड़े को सौदा पूरा करने के लिए कैज तहसील में आमंत्रित किया था।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर को पीड़ित और उसका कारीगर खरीदारी के लिए तीन लाख रुपये नकद लेकर एक कार में कैज पहुंचे।
उन्होंने बताया कि आरोपी अप्पा शिवाजी शिंदे (28) और विशाल रामकिशन शिंदे (30) दोनों को एक चीनी कारखाने के पास एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने नकदी का बैग छीन लिया और पीड़ित पर लोहे की रॉड से हमला किया, फिर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से चले गये।
हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा रोकने के प्रयास के दौरान दोनों एक चलती कार से टकरा गए। दुर्घटना में उन्हें चोट आईं और उन्हें कैज के उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारी ने बताया कि तीन से चार अन्य साथी मौके से फरार हो गये। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन