दिल्ली के बुराड़ी में तीन नाबालिगों ने युवक की चाकू घोंपकर हत्या की

Ads

दिल्ली के बुराड़ी में तीन नाबालिगों ने युवक की चाकू घोंपकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 10:16 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 10:16 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में विवाद के बाद तीन नाबालिग लड़कों ने कथित तौर पर चाकू से वार कर 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने यह बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि हाल में पीड़ित का इन तीनों लड़कों में से एक के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस ने कहा कि तीनों नाबालिग लड़कों को पकड़ लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब 8.50 बजे पीसीआर को सूचित किया गया कि कमल विहार के पास नाबालिग लड़कों ने एक व्यक्ति को चाकू मार दिया है।

पुलिस की एक टीम वेस्ट कमल विहार की गली नंबर 10 के पास नाला रोड पहुंची, जहां उन्हें मौके पर खून के निशान और खून से सना एक चाकू मिला।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके के निवासी पीड़ित की पहचान पंकज के तौर पर हुई है और उसे उसके रिश्तेदार पास के एक सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके परिवार में माता-पिता और एक बहन है।

‘मेडिको-लीगल केस’ (एमएलसी) रिपोर्ट के अनुसार, शव पर नौ घाव थे।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और खून के नमूने तथा चाकू सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए।

जांच के दौरान, पीड़ित के भाई सूरज ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई पर हमला होने की खबर सुनकर मौके पर पहुंचा था। उसने बताया कि इलाके के तीन लड़के पंकज पर चाकू से हमला कर रहे थे और भीड़ जमा होने पर वे भाग गए।

उसने यह भी बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले पंकज का एक आरोपी के साथ झगड़ा हुआ था।

पुलिस ने कहा कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है, जो नाबालिग पाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव