दिल्ली में लूटपाट के आरोप में पीड़ित के बहनोई समेत तीन लोग गिरफ्तार, लूट का बैग निकाला खाली

दिल्ली में लूटपाट के आरोप में पीड़ित के बहनोई समेत तीन लोग गिरफ्तार, लूट का बैग निकाला खाली

दिल्ली में लूटपाट के आरोप में पीड़ित के बहनोई समेत तीन लोग गिरफ्तार, लूट का बैग निकाला खाली
Modified Date: May 27, 2026 / 05:10 pm IST
Published Date: May 27, 2026 5:10 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बुधवार को शिकायतकर्ता के बहनोई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके में चाकू की नोक पर लूट की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप है।

एक अधिकारी ने बताया कि बाद में पता चला कि उन्होंने जो बैग छीना था वह खाली था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कश्मीरी गेट स्थित एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान के लिए पीड़ित द्वारा नियमित नकद एकत्र किए जाने के काम के बारे में पता लगने के बाद उसे कथित तौर पर निशाना बनाया।

उन्होंने बताया कि यह घटना 21 मई को घटी जब कराला निवासी शिकायतकर्ता शरद कुमार ठाकुर अपने नियोक्ता के लिए नकदी लेने के लिए रोहिणी सेक्टर-सात गए थे।

पुलिस के अनुसार, बाद में उन्हें फोन पर रोहिणी सेक्टर-18/19 मेट्रो स्टेशन पहुंचने के निर्देश मिले। जब वह अपने स्कूटर से एक ट्रैफिक सिग्नल पर पहुंचे, तो एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर उनके वाहन पर कूद पड़ा, उनकी पीठ पर चाकू रखकर उन्हें दिव्या ज्योति अपार्टमेंट्स की ओर जाने के लिए मजबूर किया।

उन्होंने बताया कि इसके तुरंत बाद, स्कूटर पर सवार एक अन्य साथी ने उन्हें रोका, शिकायतकर्ता को काबू में किया और उसका मोबाइल फोन, चाबियां और एक काला बैग छीनकर भाग गया।

हालांकि, आरोपियों को जल्द ही पता चल गया कि बैग खाली था। पुलिस ने बताया कि हताश होकर उन्होंने पीड़ित का मोबाइल फोन और चाबियां फेंक दीं।

जांच के दौरान, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और अपराध में इस्तेमाल किए गए स्कूटर की पहचान की। पुलिस ने बताया कि स्कूटर के मालिक प्रशांत वर्मा उर्फ ​​अनुज (40) का पता लगाया गया और उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने लूट की योजना बनाने की बात कबूल की।

वर्मा, जो शिकायतकर्ता का बहनोई निकला, इस बात से अवगत था कि ठाकुर अक्सर बड़ी मात्रा में नकदी ले जाता था और कथित तौर पर उसने अपने साथियों हर्ष उर्फ ​​हर्षित (26) और नीतीश कश्यप उर्फ ​​यश (22) के साथ मिलकर उसे लूटने की साजिश रची थी।

पुलिस ने बताया कि योजना के अनुसार, हर्ष और नीतीश ने कथित तौर पर डकैती को अंजाम दिया, जबकि वर्मा निगरानी के लिए कार में उनका पीछा कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि वर्मा दिल्ली के मोहन गार्डन का निवासी है, जबकि हर्ष और नीतीश, दोनों लखनऊ के रहने वाले हैं और नोएडा में रहते हैं।

पुलिस ने चोरी किए गए बैग के साथ-साथ अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू और स्कूटर बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में