नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने बाहरी दिल्ली के चंदर विहार इलाके में स्थित खांडा चौक पुल को मरम्मत कार्य के लिए अस्थायी रूप से बंद करने के संबंध में बृहस्पतिवार को परामर्श जारी किया।
यातायात जाम से बचने के लिए यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
सहायक नाले के ऊपर स्थित यह पुल 26 मार्च से सात दिनों के लिए बंद रहेगा।
परामर्श में कहा गया है कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा किए जा रहे मरम्मत कार्यों के कारण पुल को बंद किया जा रहा है।
परामर्श के अनुसार, जो लोग निलोठी से विकास पुरी की तरफ जा रहे हैं, वे महादेव चौक से होकर मच्छी मार्केट और विकास पुरी के डीएवी पब्लिक स्कूल के रास्ते से जाएं।
इसी प्रकार, विकास पुरी स्थित मच्छी मार्केट से निलोठी या चंदर विहार की ओर जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए महादेव चौक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश