जनजतीय परिषद चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए चिंताजनक नहीं : मुख्यमंत्री साहा

Ads

जनजतीय परिषद चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए चिंताजनक नहीं : मुख्यमंत्री साहा

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 08:16 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 08:16 PM IST

अगरतला, 23 अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बृहस्पतिवार को कहा कि त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) चुनाव के नतीजे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के लिए ‘‘चिंताजनक नहीं’’ हैं क्योंकि पार्टी को पिछली बार के मुकबाले इस बार दोगुने मत मिले हैं।

टीटीएएडीसी की 28 सीट के लिए हाल में चुनाव में टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) को 24 सीट मिली हैं जबकि भाजपा को महज चार सीट से संतोष करना पड़ा।

टीएमपी को 2021 के चुनाव में 37.43 प्रतिशत मत मिले थे जो इस साल बढ़कर 54.95 प्रतिशत हो गया है जबकि भाजपा को पिछली बार मिले 18.72 प्रतिशत मतों के मुकाबले इस बार 28.95 प्रतिशत मत मिले हैं।

साहा ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ जनजतीय परिषद चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए चिंताजनक नहीं हैं। पार्टी ने इस बार अकेले चुनाव लड़ा था। पूर्वोत्तर राज्य में यह पहली बार है कि किसी राष्ट्रीय पार्टी ने किसी क्षेत्रीय पार्टी पर निर्भर हुए बिना जनजातीय परिषद का चुनाव लड़ा।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा को 2021 के चुनाव में एक लाख मत मिले थे, जबकि इस बार उसे 2.18 लाख मत मिले हैं।

साहा ने कहा, ‘‘चुनाव में मिली हार से हम निराश नहीं हैं क्योंकि हमने जनजातीय परिषद क्षेत्र में रहने वाले लोगों का दिल जीतने की पूरी कोशिश की। हम कब तक क्षेत्रीय पार्टियों पर निर्भर रहेंगे? हम मतदाताओं का पूरा विश्वास जीतने में भले ही सफल न हुए हों, लेकिन हमने भगवा झंडे लेकर जनजातीय परिषद क्षेत्र के हर गांव में अपनी पैठ बनाने में कामयाबी हासिल की।’’

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश