कारगिल युद्ध के शहीदों को राज्यसभा में दी गई श्रद्धांजलि
कारगिल युद्ध के शहीदों को राज्यसभा में दी गई श्रद्धांजलि
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) कारगिल युद्ध के शहीदों को शुक्रवार को राज्यसभा में श्रद्धांजलि दी गई।
उच्च सदन की बैठक शुरु होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने सैन्य बलों के साहस और शौर्य की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निगरानी में सीमाएं सुरक्षित हैं।
सभापति ने कहा कि उच्च सदन उन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है जिन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा करने और राष्ट्र की क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
इसके बाद उन्होंने तथा सदस्यों ने कारगिल संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैन्य बलों के कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ पल का मौन रखा।
कारगिल विजय दिवस हर वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है, लेकिन इस बार 26 जुलाई को रविवार होने के कारण अवकाश होगा और संसद की बैठक नहीं होगी। इसलिए आज शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
करगिल विजय दिवस 1999 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत को चिह्नित करने के लिए हर साल 26 जुलाई को मनाया जाता है। भारतीय सेना ने करगिल की महत्वपूर्ण पर्वत चोटियों पर कब्जा करने वाले पाकिस्तानी सैनिकों को खदेड़ने के लिए भीषण जवाबी कार्रवाई की थी।
लद्दाख में स्थित कारगिल की बर्फीली चोटियों पर लगभग तीन महीने तक चले युद्ध में जीत हासिल करते हुए भारतीय सेना ने 26 जुलाई 1999 को ‘ऑपरेशन विजय’ की सफल समाप्ति का ऐलान किया था।
पाकिस्तान पर भारत की जीत के उपलक्ष्य में इस दिन को ‘कारगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
भाषा मनीषा माधव
माधव

Facebook


