अगरतला, 22 अगस्त (भाषा) त्रिपुरा मंत्रिमंडल ने अंत्योदय परिवारों को उनकी बेटियों की शादी के लिए 50,000 रुपये की सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक मंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुशांत चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिपरिषद ने 20 अगस्त को हुई अपनी पिछली बैठक में एक नयी योजना शुरू करने को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत अंत्योदय परिवार की प्रत्येक पात्र लड़की को विवाह के समय 50,000 रुपये की सहायता मिलेगी।
चौधरी ने कहा कि मंत्रिमंडल ने मानसिक रूप से अशक्त व्यक्तियों के लिए मासिक पेंशन बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।
उन्होंने कहा, ’60 प्रतिशत से अधिक अशक्त लोगों को अब 5,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे, जो पहले 2,000 रुपये था। यह बढ़ी हुई पेंशन समाज के कुछ सबसे कमजोर वर्गों को बहुत जरूरी वित्तीय राहत प्रदान करेगी।’
इसके अलावा, कैबिनेट ने मुख्यमंत्री अंत्योदय श्रद्धांजलि योजना के तहत एकमुश्त वित्तीय अनुदान बढ़ाने को मंजूरी दी।
उन्होंने कहा, ‘पहले यह अनुदान 2,000 रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है। इस वित्तीय सहायता से अंत्योदय परिवारों को मृत सदस्यों के अंतिम संस्कार के लिए धन की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप