चेन्नई, 22 अप्रैल (भाषा) विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के खिलाफ बुधवार को निर्वाचन आयोग में एक औपचारिक शिकायत दर्ज करायी गयी।
ऑनलाइन प्रचार अभियान चलाए जाने के कथित प्रयास के लिए कार्रवाई का आग्रह और सोशल मीडिया मंचों से सामग्री को हटाने का अनुरोध करते हुए शिकायत दर्ज करायी गयी।
चेन्नई के शिकायतकर्ताओं एल. देवासगयम और पी. आदिकेशवन ने तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक से इस मामले में उचित कानूनों को लागू करने और चुनावी गोपनीयता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ 23 अप्रैल को होने वाले चुनावों के दौरान अवैध गतिविधियों को रोकने का अनुरोध किया है।
अलग-अलग शिकायतों में उन्होंने दावा किया कि प्रचार समाप्त होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लागू किए गए ‘साइलेंट पीरियड’’ के दौरान टीवीके 22 अप्रैल को बड़े पैमाने पर ऑनलाइन राजनीतिक अभियान चलाने की योजना बना रहा था।
उन्होंने दावा किया कि टीवीके द्वारा अपने पक्ष में डाले जाने वाले वोट की गुप्त रूप से वीडियो बनाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर प्रसारित करने की योजना बनाई जा रही थी जो व्यापक समर्थन की धारणा बनाने समेत अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाना है।
यह तर्क दिया गया कि इस तरह की गतिविधियां मतदान की गोपनीयता के लिए सीधा खतरा हैं।
आदिकेशवन ने कहा कि पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के दौरान भी इसी तरह के अवैध मतदान वीडियो गुपचुप तरीके से रिकॉर्ड किए गए और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए।
भाषा यासिर नरेश
नरेश