खुद को जम्मू नगर निगम का अधिकारी बताकर ठगी करने के आरोप में दो गिरफ्तार
खुद को जम्मू नगर निगम का अधिकारी बताकर ठगी करने के आरोप में दो गिरफ्तार
जम्मू, 30 जनवरी (भाषा) खुद को जम्मू नगर निगम (जेएमसी) का अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, बनतालाब निवासी मोहम्मद शबीक और मोहम्मद जफ्फर पर खुद को जेएमसी का अधिकारी बताकर घर निर्माण से जुड़ी निगम की आधिकारिक प्रक्रियाओं के संबंध में भ्रामक दावे कर लोगों से ठगी करने का आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने लोगों से डिजिटल तरीके से व नकद रुपये लिये।
दोमाना थाने में प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने जेएमसी से सत्यापन कराया, जिसमें पुष्टि हुई कि दोनों आरोपी किसी भी रूप में निगम से संबद्ध नहीं थे।
इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई और दोनों आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों से ली गई धनराशि भी बरामद कर ली है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के गठजोड़ का पता लगाने और पूरे गिरोह का खुलासा करने के लिए जांच जारी है तथा इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती है।
भाषा खारी अविनाश
अविनाश

Facebook


