बांकुड़ा में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
बांकुड़ा में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
बांकुड़ा, सात सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि महिला के साथ यह कथित वारदात उस समय हुई, जब वह बांकुड़ा शहर के बाहरी इलाके में एक पुरुष मित्र के साथ मोटरसाइकिल पर घूमने गई थी।
उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों को रविवार को बांकुड़ा जिला अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और कीमती सामान छीनने का आरोप लगाया गया है।
बांकुड़ा सदर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला ने बताया कि वह दो सितंबर को शहर के बाहरी इलाके में स्थित हरियालगाडा में मोटरसाइकिल पर घूमने गई थी, तभी दोनों आरोपियों ने उसे और उसके दोस्त को रोक लिया।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले उसके पुरुष मित्र के साथ मारपीट की और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता और उसके दोस्त की ओर से बताए गए विवरण के आधार पर तलाश अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा

Facebook


