नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दिल्ली में मानव तस्करी और अवैध प्रवास में कथित संलिप्तता के आरोप में बांग्लादेश के दो नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक को पहले भी भारत से निर्वासित किया जा चुका है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मानव तस्करी की गतिविधियों में शामिल एक बांग्लादेशी नागरिक की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद आरोपियों को 16 मार्च को मुखर्जी नगर इलाके में जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान बांग्लादेश के जेस्सोर निवासी रोबिउल मुल्ला (45) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को पकड़ लिया, पूछताछ के दौरान उसे पता चला कि उसे 2025 में भारत से निर्वासित कर दिया गया था, लेकिन वह अवैध रूप से देश में फिर से प्रवेश कर गया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी की शिनाख्त के आधार पर पुलिस ने उसके एक महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया ।
अधिकारी ने बताया कि दोनों वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना ही भारत में रह रहे थे।
पूछताछ के दौरान मुल्ला ने पुलिस को बताया कि उसने गैरकानूनी गतिविधियों के लिए कई महिलाओं को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने में मदद की थी।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों द्वारा देश में लाए गए अन्य व्यक्तियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन