इंफाल, सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम से हमला किया जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई तथा उनकी मां घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को “बर्बर कृत्य” करार दिया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके कानून के तहत उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब घर में बम फटा, उस समय दोनों बच्चे और उनकी मां सो रह थे।
घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया।
अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद ने कहा कि यह हमला “बर्बर कृत्य” है।
उन्होंने कहा कि यह “मानवता पर सीधा हमला है तथा मणिपुर में बड़ी मुश्किल से कायम हुई शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश” है।
सिंह ने कहा, “मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी, उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे आतंकवादी कृत्यों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है और शांति, कानून-व्यवस्था तथा स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे एकजुट रहें और उन तत्वों के खिलाफ मजबूती से खड़े हों जो सामूहिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।
निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है और 2023 व 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं।
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को ट्रोग्लाओबी के पास के इलाके से एक विस्फोटक उपकरण भी बरामद किया गया है।
इस बीच, एनपीपी के स्थानीय विधायक टी शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए “क्रूर हमले” की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि “कुकी नार्को-उग्रवादियों” ने इसे अंजाम दिया।
उन्होंने कहा, “यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।”
विधायक ने कहा, “मैं जान गंवाने वाले पांच वर्षीय लड़के और पांच महीने की बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्हें इतनी निर्दयता से छीन लिया गया। इस असीमित दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा