देहरादून में कुख्यात सुनील राठी गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार

Ads

देहरादून में कुख्यात सुनील राठी गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 07:19 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 07:19 PM IST

देहरादून, 27 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड पुलस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) तथा देहरादून पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात सुनील राठी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी ।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने यहां बताया कि सक्रिय गिरोहों तथा जेलो में बंद कुख्यात अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार रखी जा रही निगरानी के क्रम में मिली एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार देर रात राजपुर क्षेत्र में एक वाहन (स्कार्पियो) को रोका गया।

सिंह ने बताया कि वाहन में राठी गिरोह से जुड़े दोनों अपराधी अवैध असलहों के साथ मौजूद थे ।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले भानू चौधरी तथा मुजफ्फरनगर जिले के पारस सिंह को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल तथा सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

राजपुर पुलिस थाने में इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(3) तथा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि वे हरिद्वार और देहरादून में कुछ व्यापारियों को धमकाकर उनसे रंगदारी वसूलने का प्रयास कर रहे थे और उनके पास से बरामद असलहे लोगों को डराने के उददेश्य से लाए गए थे ।

उन्होंने बताया कि पारस पूर्व में मुख्तार असांरी व संजीव जीवा गिरोह का प्रमुख शूटर रहा है और उनकी मृत्यु के बाद वह सुनील राठी गिरोह में शामिल हो गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पारस के मोबाइल फोन के रिकॉर्ड से उसके पौड़ी जेल में बंद सुनील राठी से निरंतर संपर्क में रहने का पता चला है तथा वह उसके इशारे पर हरिद्वार व देहरादून की बेशकीमती विवादित जमीनों में दखलअंदाजी कर उसके लिए धन उगाही कर रहा था।

यह भी जानकारी मिली कि वह भानू के साथ राठी से पौड़ी जेल में मुलाकात के लिए जाता रहा है।

एसएसपी ने बताया कि कई गैंगस्टर के शूटर रहे पारस के खिलाफ मुजफ्फरनगर और देहरादून में हत्या, हत्या का प्रयास,आपराधिक धमकी, संपत्ति की हेराफेरी और गैंगस्टर अधिनियम के तहत गंभीर प्रकृति के आठ मुकदमे दर्ज हैं ।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर का नाम भी सामने आया है जो लगातार सुनील राठी के संपर्क में था। उन्होंने बताया कि यह प्रॉपर्टी डीलर पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुका है।

एसएसपी ने बताया कि राठी गिरोह के इन बदमाशों द्वारा लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा था परन्तु सुनील राठी के भय से कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आ रहा था। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है ।

भाषा दीप्ति संतोष

संतोष