फरीदाबाद में बीएमडब्ल्यू से टकराने के बाद मर्सिडीज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, दो लोग घायल

Ads

फरीदाबाद में बीएमडब्ल्यू से टकराने के बाद मर्सिडीज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, दो लोग घायल

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 04:59 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 04:59 PM IST

फरीदाबाद, 22 अप्रैल (भाषा) फरीदाबाद में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने बीएमडब्ल्यू गाड़ी से टकराने के बाद एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोपहिया सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यहां मंगलवार देर रात हुई इस दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों कार के चालक मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी रामशरण ने बताया कि पलवल से अपनी कार में लौटते समय उन्होंने एस्कॉर्ट्स मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास दो कारों को तेज गति से जाते हुए और कुछ ही सेकंड बाद उन्हें आपस में टकराते हुए देखा।

उन्होंने कहा, ‘‘एक सफेद बीएमडब्ल्यू और एक काली मर्सिडीज कार राजमार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थीं। काली मर्सिडीज आगे थी, जबकि सफेद बीएमडब्ल्यू पीछे। मर्सिडीज ने एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क से नीचे उतर गई।’’

अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि चालक नशे में प्रतीत हो रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहनों को राजमार्ग से हटाकर यातायात बहाल कर दिया।

घायल युवकों में से एक राकेश ने बताया कि वे अपने घर जा रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस ने कारों को जब्त कर लिया और बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

भाषा यासिर वैभव

वैभव