अगरतला, एक मई (भाषा) त्रिपुरा में पिछले 48 घंटों के दौरान तूफान से जुड़ी घटनाओं में एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, तूफान की वजह से राज्य भर में फसलों और बिजली पारेषण तारों को काफी नुकसान पहुंचा है।
राज्य परियोजना निदेशक (आपदा प्रबंधन) सनत कुमार दास ने बताया, ‘‘बृहस्पतिवार को उनाकोटी जिले के राधानगर में एक कच्चे घर के गिरने से पांच वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई और उसका भाई घायल हो गया। वहीं, बुधवार को धलाई जिले की लोंगतराई घाटी के एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली के गिरने से मौत हो गई।’
उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में तूफान से जुड़ी घटनाओं में तीन और लोग घायल हुए हैं।
दास ने कहा, ‘तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के दौरान कुल 3,997 घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें से 180 झोपड़ियां पूरी तरह नष्ट हो गईं।’
उन्होंने बताया कि अंतरिम राहत के रूप में अब तक 79.59 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
दास के अनुसार, लगभग 243 परिवारों को अस्थायी आश्रय देने के लिए चार राहत शिविर खोले गए थे लेकिन स्थिति में सुधार होने के बाद सभी निवासी अपने घर में लौट गए।
उन्होंने कहा, ‘भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली पारेषण तारों को व्यापक नुकसान पहुंचने के अलावा, 129 बिजली के खंभे गिर गए। कुछ इलाकों में मरम्मत का काम जारी है।’
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानूमान के मुताबिक, शुक्रवार को सेपाहीजाला और दक्षिण त्रिपुरा जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
भाषा
प्रचेता संतोष
संतोष