कोलकाता, 12 मई (भाषा) कोलकाता के तिलजाला इलाके में मंगलवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को घटना की प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराह्न करीब 1:45 बजे इमारत की पहली मंजिल पर आग लग गई और कुछ ही क्षणों में लपटें फैल गईं, जिससे पूरा इलाका घने काले धुएं से ढक गया। उन्होंने बताया कि इस मंजिल का इस्तेमाल चमड़े के गोदाम के रूप में किया जाता था।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘इमारत में फंसे पांच लोग आग की लपटों से बचने के लिए बाथरूम में घुस गए, लेकिन घने धुएं से अंदर दम घोंटने वाला माहौल बन गया।’
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला जिसके बाद उन्हें सरकारी राष्ट्रीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों को मृत घोषित कर दिया।
अन्य तीन घायलों का इलाज किया जा रहा है।
घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने एक आदेश जारी कर कोलकाता पुलिस को आगजनी के संबंध में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। आग से ‘जान-माल का भारी नुकसान’ हुआ।
राज्य सरकार ने घटनास्थल की विस्तृत जांच और सर्वेक्षण करने तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच करने के लिए चार सदस्यीय विभागीय समिति का भी गठन किया है।
इस समिति में सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, कोलकाता पुलिस आयुक्त और कोलकाता नगर निगम के नगर आयुक्त शामिल हैं।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि समिति इस बात की जांच करेगी कि क्या इकाई में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपाय और वैधानिक स्वीकृतियां मौजूद थीं।
अधिकारी ने कहा, ‘समिति को 13 मई को सुबह 11 बजे तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग के चार वाहनों की मदद से दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश