कानपुर, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी इलाके में सड़क किनारे फेंके गये चॉकलेट व टॉफी के डिब्बे इकट्ठा करने के लिए लोगों की भीड़ जुटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पनकी के औद्योगिक क्षेत्र का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।
वीडियो में लोग सड़क किनारे फेंके गए खाद्य पदार्थों के ढेर के आसपास जमा होकर चॉकलेट व टॉफी के डिब्बों से अपने बैग एवं बोरियां भरते नजर आ रहे हैं।
कुछ लोग मोटरसाइकिल और कारों से भी वहां पहुंचे, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना कब हुई और किस कंपनी, कारखाने या वितरक ने सामान वहां फेंका था।
पुलिस को शुरुआती जांच के दौरान मौके पर फटे और कीचड़ से सने टॉफी के रैपर मिले।
एक अधिकारी ने बताया कि कुछ रैपर पर ‘एन’ और ‘गुजरात’ के निशान दिखाई दिए।
अधिकारी के मुताबिक, यह पता लगाया जा रहा है कि सामान कहां से आया था और क्या उसके सेवन की अवधि पूरी हो चुकी थी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सैयद कासिम आब्दी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि अगर संबंधित विभाग की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है कि वास्तव में खाद्य सामग्री फेंकी गई थी या नहीं, उसे कब और कहां फेंका गया, उसकी मात्रा कितनी थी तथा उसके सेवन की अवधि पूरी हो चुकी थी या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि जांच में तथ्य सामने आने के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र