उप्र : महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार, दो आरोपी गिरफ्तार

Ads

उप्र : महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार, दो आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 11:29 AM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 11:29 AM IST

कानपुर (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) फतेहपुर जिले में 20 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार को खागा कोतवाली क्षेत्र में हुई, जब महिला अपने मंगेतर के साथ जा रही थी। उन्होंने बताया कि महिला और उसका मंगेतर अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी दो लोग उनके पास आए और उनके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मंगेतर के साथ कथित तौर पर मारपीट की, उसे बंधक बना लिया और महिला से दुष्कर्म किया। बाद में एक तीसरे साथी को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद तीनों ने महिला और उसके साथी से मारपीट की। पीड़िता के मंगेतर के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को पीटा, उन्हें धमकी दी, घटना का वीडियो बनाया और मंगेतर को 2,500 रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया। दोनों ने शुरू में स्थानीय पुलिस थाने से संपर्क किया लेकिन दावा किया कि उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। रविवार को फ़तेहपुर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक से संपर्क करने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने लेन-देन के विवरण के आधार पर दो आरोपियों ललित (29) और युवराज सिंह (28) को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी बबलू सिंह (33) अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीम फरार आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही हैं। मामला दर्ज करने में कथित लापरवाही के लिए पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी आरके पटेल को उनके पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनीश सिंह को निलंबित कर दिया गया है.

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए धमकियां और पैसे की पेशकश मिल रही है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि मुख्य आरोपी का सत्तारूढ़ पार्टी से राजनीतिक जुड़ाव है। बहरहाल, पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने इस आरोप से इनकार किया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के गांव का दौरा किया और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। भाषा सं जफर गोलागोला