यूपीआई भुगतान का तेज और सुरक्षित माध्यम: शाह

Ads

यूपीआई भुगतान का तेज और सुरक्षित माध्यम: शाह

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 06:35 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) को तेज और सुरक्षित माध्यम करार देते हुए कहा कि यह नवाचार के जरिए भारत को बदलाव की राह पर आगे बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की एक मिसाल है।

यूपीआई का इस्तेमाल शुरू हुए मंगलवार को 10 साल पूरे हो गए।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा, “यूपीआई नवाचार के जरिए भारत को बदलाव की राह पर आगे बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की एक मिसाल है।”

उन्होंने कहा, “यूपीआई के 10 वर्षों में हमारे देश ने दुनिया की सबसे बड़ी वास्तविक समय भुगतान प्रणाली बनाई है और यह साबित किया है कि डिजिटल इंडिया के जरिए लोगों को तेज, आसान व सुरक्षित माध्यम देकर हम क्या हासिल कर सकते हैं।”

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम ने भारतीय रिजर्व बैंक की निगरानी में मुख्य रूप से मोबाइल के जरिए बिना नकद भुगतान करने के माध्यम के रूप में 25 अगस्त 2016 को यूपीआई की शुरुआत की थी।

शुरुआत के बाद से लेनदेन की संख्या में 13,000 गुना बढ़ोतरी हुई है। 2025-26 में यूपीआई के जरिए 314 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।

सरकार के एक बयान में कहा गया है, “सालाना लेनदेन की संख्या वित्त वर्ष 2016-17 में केवल 1.78 करोड़ थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 24,162 करोड़ से अधिक हो गई। लेनदेन की संख्या में लगभग 13,000 गुना बढ़ोतरी हुई है।

बयान में कहा गया है, “इसी तरह, लेनदेन की कुल राशि वित्त वर्ष 2016-17 में 0.07 लाख करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 314 लाख करोड़ रुपये हो गई। यानी लेनदेन की राशि में 4,000 गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई।”

भाषा जोहेब माधव

माधव