कराची, 27 जून (भाषा) कराची के घनी आबादी वाले गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में आतंकवादियों ने पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर शनिवार को हमला कर दिया जिसमें कम से कम चार जवान मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सिंध के पुलिस महानिरीक्षक जावेद आलम ओधो ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आतंकवादी एक गाड़ी में आए और मुख्य गेट को टक्कर मारकर परिसर में घुस गए। उन्होंने कहा कि और जानकारी जुटाई जा रही है।
ओधो ने कहा कि रेंजर्स ने त्वरित कार्रवाई की, लेकिन हमले में चार जवान मारे गए।
उन्होंने कहा कि हमला शुरू होने पर एक धमाके की आवाज़ सुनी गई; हालाँकि, अभी तक इसका कारण पता नहीं चल पाया है।
इस दौरान इलाके की घेराबंदी कर दी गई और आसपास की सड़कें भी बंद कर दी गईं।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, चार से छह आतंकवादियों ने रात करीब 8:30 बजे परिसर पर हमला किया।
उन्होंने कहा, ‘‘अब तक हमें पता चला है कि हमले में रेंजर्स के चार जवान मारे गए हैं और कुछ गाड़ियां नष्ट हो गई हैं, क्योंकि यह परिसर रेंजर्स का ट्रांसपोर्ट हब भी है।’’
फिलहाल किसी आतंकी या अलगाववादी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और परिसर में गोलीबारी अब भी जारी है।
सिंध के गृह मंत्री ज़िया-उल-हसन लंजहर ने कहा कि विशेष सुरक्षा इकाई के कमांडो और आतंकवाद रोधी बल कार्रवाई में रेंजर्स के जवानों की मदद कर रहे हैं।
भाषा नेत्रपाल
नेत्रपाल