मुंबई, 27 जून (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक चतुर व्यक्ति हैं और वह अच्छी तरह जानते हैं कि चालबाज़ दोस्त कितना खतरनाक हो सकता है।
उनका यह बयान शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे के संदर्भ में था।
शिंदे ने फडणवीस और ठाकरे के शुक्रवार को नागपुर जाते समय एक ही उड़ान से जाने के बारे में पूछे जाने पर यह बात कही।
उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा और अविभाजित शिवसेना ने एक ही विमान से उड़ान भरी थी, लेकिन बाद में ‘‘वह दूसरे विमान में बैठ गए और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया।’’
यह बात उन्होंने भाजपा और अविभाजित शिवसेना के बीच बीच संबंध टूटने के संदर्भ में कही।
शिंदे ने कहा, ‘‘फडणवीस बहुत चतुर व्यक्ति हैं। उन्हें अच्छी तरह पता है कि चालें चलने वाला दोस्त कितना खतरनाक हो सकता है।’’
जब ठाकरे से उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी फडणवीस के साथ हवाई यात्रा के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उनके बीच ‘‘बहुत उच्चस्तरीय बातचीत’’ हुई।
भेंट के नतीजे के बारे में और पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा कि इसका परिणाम आने वाले दिनों में पता चलेगा।
शुक्रवार को मुंबई से नागपुर की उड़ान में फडणवीस और ठाकरे ने एक साथ यात्रा की, जिससे राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल