कोलकाता, तीन जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक रीताब्रता बनर्जी और बागी विधायकों ने बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस से मुलाकात की और 58 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, खेमे ने विधायक दल के लिए नये नेतृत्व ढांचे का भी प्रस्ताव रखा जिसके तहत रीताब्रता बनर्जी को विधायक दल का नेता और अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक बनाए जाने का सुझाव दिया गया।
चंद्रनाथ सिन्हा और शिउली साहा समेत कई बागी विधायक रीताब्रता बनर्जी और संदीपन साहा के साथ विधानसभा में अध्यक्ष के कक्ष तक गए, जहां ये दस्तावेज सौंपे गए।
सूत्रों ने बताया कि समर्थन पत्रों पर 58 विधायकों के हस्ताक्षर हैं, जिनमें मध्यमग्राम के विधायक रथिन घोष भी शामिल हैं, जिन्होंने विधानसभा परिसर से रवाना होने से पहले रीताब्रता बनर्जी के समर्थन में दस्तखत किए।
एक अहम राजनीतिक संकेत देते हुए बागी विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे गए पत्र में तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को अपनी ‘‘चेयरपर्सन’’ बताया है। इससे साफ होता है कि उनका विद्रोह पार्टी प्रमुख के खिलाफ नहीं, बल्कि विधायक दल के मौजूदा नेतृत्व ढांचे के खिलाफ है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा